- राजस्थान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विकास के अंतर्गत विभागीय संरचना (Departmental Structure) एवं विभागीय योजनाएँ (Departmental Schemes) आती हैं।

 राजस्थान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग :-

- राजस्थान सरकार के अंतर्गत विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग (D.S.T.) का प्रमुख कार्य राजस्थान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के अनुकूल वातावरण का निर्माण करना है तथा विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी की सहायता से सामाजिक एवं आर्थिक विकास विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों तथा कमजोर व पिछड़े वर्ग के संदर्भ में, करना है।

- विभाग के प्रमुख कार्यक्रम एवं गतिविधियाँ जयपुर मुख्यालय से संचालित किए जाते है तथा जोधपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर एवं बीकानेर से संचालित किए जाते है।

- D.S.T. के अंतर्गत विभिन्न प्रभाग स्थापित किए गए है, ये प्रभाग एवं इनके कार्य इस प्रकार है-

A. अनुसंधान एवं विकास प्रभाग :- विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ऐप्लीकेशन आधारित सेवाओं का विकास, विद्यालयी स्तर पर तथा विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी आधारित कार्यक्रमों, सेमीनार, कार्यशालाओं का आयोजन करना, जिससे छात्रों में प्रौद्योगिकी विकास से संबंधित पेशेवर (Professional) प्रवृत्ति उत्पन्न हो। 

B. विज्ञान एवं समाज प्रभाग :- इस प्रभाग का व्यापक उद्देश्य विकास से सम्बन्धित है। यह प्रभाग उपलब्ध संसाधनों के अधिकतम प्रयोग के द्वारा आम जनता एवं सामाजिक स्तर पर वंचित लोगों के बीच विज्ञान प्रसार से सम्बन्धित है।

- यह प्रभाग ऐसे लोगों के मध्य प्रौद्योगिकी प्रदर्शन तथा विज्ञान संगोष्ठियों का आयोजन करता है।

C. उद्यमिता विकास प्रभाग :- यह प्रभाग विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उद्यमियों के नवाचारों (Innovation), स्टार्ट-अप आइडिया को उचित प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना तथा विद्यालय स्तर पर छात्रों में उद्यमिता प्रशिक्षण जैसे कार्य करता है, जिससे विशेषतया युवा पीढ़ी विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण का विकास हो।

- राजकीय मॉडल स्कूलों में स्टार्ट-अप बूट क्लब प्रारम्भ किए गए है।

D. जैव प्रौद्योगिकी प्रभाग :- यह प्रभाग राज्य में जैव प्रौद्योगिकी विकास तथा  इसके अनुकूल योजनाओं के निर्माण से सम्बन्धित प्रभाग है।

- इस प्रभाग मे बायोटेक पॉलीसी के माध्यम से एकीकृत केन्द्रों की स्थापना की है। यह एकीकृत केन्द्र आम लोगों के मध्य जैव प्रौद्योगिकी से सम्बन्धित जागरूकता प्रसार एवं उद्यमिता विकास सम्बन्धित कार्य करता है।

E. विज्ञान संचार एवं लोकप्रियकरण प्रभाग :- यह प्रभाग आम लोगों के बीच विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के प्रसार के लिए विज्ञान दिवस आयोजन, विज्ञान कांग्रेस, विज्ञान केन्द्रों तथा साइंस पार्क की स्थापना से सम्बन्धित है।

Note :-

- राज्य में ‘पेटेण्ट’ सूचना केन्द्र की स्थापना कर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में होने वाले नवाचारों से सम्बन्धित ‘बौद्धिक सम्पदा अधिकारों/I.P.R.’ को सुरक्षित किया गया है।

- जोधपुर में स्टेट रीजनल रिमोट सेंसिंग एप्लीकेशन सेंटर की स्थापना की गई।

राजस्थान में विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित प्रमुख योजनाएँ :-

A. जन सूचना पोर्टल :- नागरिकों को सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की स्पष्ट, पारदर्शिता पूर्ण जानकारी एक ही पोर्टल पर एक साथ उपलब्ध कराई जा रही है। 

- 55 विभागों के अंतर्गत चलाई जा रही 99 योजनाओं की 277 जानकारियाँ पोर्टल पर उपलब्ध है।

B. राजस्थान स्टार्ट-अप :- नागरिकों में उद्यमिता विकास, नवाचारों को बढ़ावा तथा स्टार्ट-अप युक्तियों को धरातल पर लाने से संबंधित महत्त्वपूर्ण परियोजना है, जिसमें “आई-स्टार्ट पोर्टल” सिंगल विण्डो के समान कार्य करता है।

- राजस्थान में स्टार्ट-अप के अंतर्गत नवाचारों को बढ़ावा देने के लिए प्रमुख विभागीय प्रयास निम्न हैं-

 1. क्यू-रेट रैंकिंग सिस्टम

 2. चैलेंज फॉर चेंज अभियान

 3. राजस्थान स्टैक

 4. इन्क्यूबेटर सेंटर्स

 5. आई स्टार्ट नेस्ट (जयपुर, उदयपुर तथा कोटा) में।

- जोधपुर, अजमेर, भरतपुर तथा बीकानेर में नए इन्क्यूबेशन सेंटर खोले गए हैं।

C. राजस्थान संपर्क पोर्टल :- राजस्थान में यह पोर्टल आम जन के लिए केन्द्रीयकृत शिकायत निवारण मंच है।

- नया टोल फ्री नम्बर “181” भी इसी के अंतर्गत प्रारंभ किया गया है, जो मुख्यमंत्री हेल्पलाइन से संबंधित है।

- इस पोर्टल के माध्यम से COVID-19 के दौरान 2.5 लाख से अधिक समस्याओं/शिकायतों का निवारण किया गया है।

D. वीडियो कॉल :- प्रत्येक समिति में निवासियों के लिए सरकारी कार्यक्रमों की लाइव ऑडियो-वीडियो स्ट्रीमिंग।

E. V.C./वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग :- राज्य में वर्तमान में प्रतिबंधित आवागमन के चलते जन प्रतिनिधियों के साथ सीधा संवाद स्थापित करने के लिए 380 से अधिक V.C. स्टूडियो कार्यरत हैं।

F. राजनेट :- राजस्वान (राजस्थान स्टेट वाइड एरिया नेटवर्क) के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर कनेक्टिविटी को उपलब्ध कराता है।

G. वाई-फाई सुविधा :- जिला मुख्यालयों एवं विभागीय मुख्यालयों के स्तर पर वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

- राजीव गाँधी सेवा केन्द्रों, 5264 ग्राम पंचायतों पर भी वाई-फाई सुविधा उपलब्ध है तथा 6304 हॉटस्पॉट भी स्थापित किए गए हैं।

H. ई-मित्र :- वर्तमान में सरकारी विभागों एवं विभिन्न निजी संस्थाओं द्वारा उपलब्ध कराई जा रही 475 सेवाएँ ई-मित्र कियोस्क के माध्यम से आमजन के लिए उपलब्ध कराई गई है।

- ई-मित्र पर एप्लीकेशन आधारित सेवाओं का भुगतान करने की सुविधा उपलब्ध है।

I. ई-मित्र प्लस :- ये आमजन द्वारा संचालित किया जा सकने वाला ATM के समान कियोस्क है।

- ये भारत में ऐसी सुविधा प्रदान करने वाला प्रथम कियोस्क है, जहाँ संबंधित सूचना दर्ज कर मूल-निवास प्रमाण-पत्र, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र आदि के लिए आवेदन किया जा सकता है।

- इस कियोस्क में प्रिण्टर भी लगा होता है, जो संबंधित दस्तावेज के सत्यापन के बाद प्रिंटआउट भी उपलब्ध कराता है।

J. राज-पेमेंट :- यह व्यक्तिगत एवं फर्मों के लिए भुगतान/पेमेंट संबंधी इंटरफेस है जिसमें प्लग-इन करके भुगतान किए जा सकते हैं।

K. राज -साइन :- ये एक प्रकार की डिजिटल हस्ताक्षर प्रमाणीकरण सुविधा है, जिससे विभागीय स्वीकृति एवं प्रमाणीकरण शीघ्रता से हो पाएगा।

L. स्टेट पोर्टल :- राज्य के नागरिकों, विदेशी नागरिकों, राज्य सेवा से जुड़े लोगों के लिए विभिन्न सेवाएँ उपलब्ध करवाने वाला पोर्टल जो विभिन्न सरकारी विभागों से जुड़ा हुआ है।

M. स्टेट मास्टर सेन्ट्रलाईज़्ड डाटा हब :- विभिन्न विभागों के क्लाइंट्स के एप्लीकेशन संबंधित मास्टर डेटा संग्रहण केन्द्र है।

N. स्टेट डाटा सेन्टर :- विभिन्न विभागों से संबंधित डेटा आधारित इलेक्ट्रॉनिक सेवा प्रदाता सेंटर, जो विभिन्न एप्लीकेशन के लिए कॉमन इन्फ्रास्ट्रक्चर उपलब्ध करवाता है।

O. S.S.O. (सिंगल साईन-ऑन) :- विभागीय एप्लीकेशन के लिए एकल उपयोगकर्ता प्रबंधक है।

P. कोविड-19 से संबंधित विभिन्न योजनाएँ :- कोविड-19 से संबंधित जानकारियों, सरकारी निर्देशों, विज्ञप्तियों, प्रेस-नोट, आदेशों को एक ही वेबसाइट पर देखा जा सकता है। “www.covidinfo.rajasthan.gov.in.”

Q. ई-औषधि कोविड-19 :- इसके माध्यम से कोविड-19 के दौरान दी जाने वाली महत्त्वपूर्ण 57 औषधियों की जानकारी एवं स्टॉक मॉनीटरिंग।

R. राजकोविड-इन्फो. App. :- कोविड-19 संक्रमण एवं क्वारेंटाईन संबंधित जानकारी।

S. मोबिलिटी पास :- कोविड-19 के दौरान अतिमहत्त्वपूर्ण सेवाओं से जुड़े या किसी अन्य महत्त्वपूर्ण कार्य के लिए राजकॉप सिटीजन App. के माध्यम से मोबिलिटी पास जारी किए जाते हैं।